Sunday, 22 June 2025

Hope

Reminiscences from my diary

Sunday June 22, 2025
2200 IST
Murugeshpalya, Bangalore


ऑटो-रिक्शा में बैठा एक आदमी 
आँखें बंद किये बड़े इत्मीनान से 
चिन-मुद्रा में 

फुटपाथ पर दो लड़के रेस लगाते हुए 
अंधाधुन्द पड़ते पाँव 
झड़े हुए फूलों को कुचले बिना 

सड़क किनारे खाली बेंच
थोड़ी धूप थोड़ी बारिश और एक लड़की 
न फ़ोन न छाता, हाथ में बस एक किताब 

एक-दूसरे के गले में हाथ डाले
तीन बच्चे, स्कूल यूनिफार्म, नंगे पाँव, भारी बस्ते 
झूमते, फुदकते, दौड़ते, ठहरते
 
कुछ है जो बिखरा ही सही
पर बचा हुआ है 
मुस्कुराता, महकता जैसे 

हर साँझ रख देता हो कोई 
शमी के पास
एक सुलगता लोबान  

Tuesday, 17 June 2025

The weird metaphors of voids

Reminiscences from my diary

June 17, 2025
Tuesday 1815 IST
Murugeshpalya, Bangalore


एक रिक्तता 
तुम्हारे होने पर

जैसे 
विशाल मरू कोई 
रेत ही रेत जहाँ तक घूमे नज़र 
और उसमें डूबते 
तारे, नक्षत्र और जुगनू 

एक रिक्तता
तुम्हारे न होने से भी 

मानो 
गुनगुनी धूप में 
पीर-पंजाल की पिघलती बर्फ़
और उसे चूमते 
सघन देवदार   

किसी एक रोज़ 
यूँ होगा कि 
समय लेगा उबासी 
ठिठकेगा 
बौरायेगा, और 
कर देगा सब उलट-पुलट 

समय को पता है 

कुछ रिक्तताओं की होती है 
अपनी ही नियति 
अपने ही रूपक 
अपना ही व्याकरण 



Monday, 16 June 2025

And you still survive?

Reminiscences from my diary

June 16, 2025
Monday 2215 IST
Murugeshpalya, Bangalore


फ़क़त इतनी-सी बात है 
कि कभी-कभी 

आपसे आपका आप 
सम्भाले नहीं सम्भलता 

एक घुटन जो जाती नहीं 
एक साँस जो आती नहीं 

जैसे कोई भोंके खंजर
सलीके से, धीरे-धीरे, बार-बार

जिस्म ख़ून-ख़ून
आँख बंजर-बंजर 

अंदर छाती में या आस-पास कहीं 
एक या फिर कई दर्द अजीब

यूँ कि जैसे समंदर का सारा ख़ारा 
मसल दिया हो ज़ख्म-ज़ख्म 

फिर भी न चीख़ न अश्क़
कि हो हयात ग़ुम-ज़दा 

हाँ! फ़क़त इतनी-सी ही बात है 
कि कभी-कभी 

एक कहानी, या आलम ठहर जाता है, और 
चलता चलता है पहर-दर-पहर 


Monday, 2 June 2025

Monsoon

Reminiscences from my diary
June 02, 2025
Monday 2230 IST

तुम्हें होना था 

आषाढ़ की गोधूलि
साँझ, साँझ का दीया
दीये की धुनी 
धुनी के धुएँ में नाचते प्रेत 
प्रेतों की प्रार्थना 
प्रार्थनाओं के शब्द 

और होना था 

सावन की बारिश पहली 
और दूसरी 
और तीसरी 
हर फुहार, हर मूसलाधार बरसात 
बरसात की सीलन 
सीलन की गंध 

और 

भोर का लाल 
दोपहरी का अलसाया 
शाम का उन्माद 
रात का सुनसान 
दिन - दिन
हर दिन हर पहर 

तुमने चुना होना 

भादो की बयार 
कचोटती हवा 
दिशाहीन
अंतहीन 
बंजारन 
बैरागिन 
 
होना ही होगा यूँ 
इसीलिए हुआ ऐसा 
टूटते तारे 
झूठे 
झूठी ही 
पलकों वाली मन्नतें 

ख़ैर 

मेरा तुम बनना क्यूँकर हुआ
अगर तुम्हें मैं नहीं होना था ?
मुझसे होकर गुज़रना
तुम्हारा 
मुझे मौसम-मौसम 
रेशा-रेशा रीत गया  



Saturday, 31 May 2025

25 presents for you in 2025

Reminiscences from my diary
May 31, 2025
Saturday 2345 IST
Murugeshpalya, Bangalore


दस तरह के नाखूनों की उपमा लिए -
दस तरह के पोस्ट-कार्ड्स 
एक खूबसूरत, ताले वाली डायरी 
बैंगनी रंग का फाउंटेन पेन 
मुराकामी की कोई किताब 
किताब का बुकमार्क -
एक सूखा हरसिंगार 

काँच के मर्तबान में -
बुरांश की सुर्ख़ पंखुड़ियाँ 
बेल-पत्तों की नक्काशी वाली -
कांसे की एक बोतल 
तुम्हारे नाम का एक कॉफ़ी का मग
कश्मीर का केसर 
केसर में छिपाया -
एक सूखा हरसिंगार 

याक की ऊन से बनी -
एक गर्म टोपी  
फीते वाली हथघड़ी 
हरे रंग का लम्बा कुर्ता 
हरे ही रंग की बुशर्ट 
बुशर्ट की जेब में 
एक सूखा हरसिंगार 

आते सावन की हवा में खनकता -
चीनी-मिट्टी का विंड-चाइम 
टेलर स्विफ्ट का -
सबसे पुराना रिकॉर्ड 
एक खाली फोटो-एल्बम 
रोज़मर्रा के लिए एक बस्ता 
बस्ते के अंदर कहीं -
एक सूखा हरसिंगार 

एक गुल्लक फूटने वाली 
एक रैकेट बैडमिंटन का 
एक बुद्ध मुस्कुराते हुए 
एक ग्रीटिंग-कार्ड शुभकामनाओं भरा 
ग्रीटिंग-कार्ड के लिफ़ाफ़े में 
एक सूखा हरसिंगार 



Saturday, 17 May 2025

For my Rumi, part 1

Reminiscences from my diary

May 17, 2025
Saturday 2115 IST
Murugeshpalya, Bangalore


यूँ हो कि
कोई न हो कहीं भी 
बस   
हम हों और 
सतपुड़ा के जंगल हों
 
नीले पेड़, पीले पत्ते,
रंग - बिरंगे कबूतर 
एक रंग की तितलियाँ 
सफ़ेद भँवरे 
फूल ही फूल 

आम की कोटर से 
महुआ की फुनगियों तक 
फुदकती हों गिलहरियाँ 
हम कुतरें जामुन 
पलाश सुस्ताये, हमें ऊँघाये 

हम बूझ न पाएँ भेद 
जुगनुओं और सितारों में 
धूप भी, बौछार भी 
टिमटिम टिमटिम 
टिपटिप टिपटिप 

झरनों से फूटे इंद्रधनुष 
मैं समेट लूँ जेबों में 
सूरज शरमाये, हवा इठलाये 
चाँद बजाये सीटी, हम खेलें 
छिपने - ढूँढने का खेल 

मेरे बस्ते में हों खूब सारी टॉफियाँ 
और खूब सारी कविताएँ 
और ये भी कि सब ख़्याल हों 
कागज़ी जो उड़ जाएँ 
रूमी की हल्की - सी फूँक से 




Monday, 12 May 2025

Rants on Buddha Purnima

Reminiscences from my diary

May 12, 2025
Monday 2145 IST
Murugeshpalya, Bangalore


तुम हो - ऐसा तुम्हें लगता है ! तुम अंतर्धान हो जाओ तो ? तो क्या तुम नहीं हो ?

कैसे पता चलता है कि तुम हो ? या नहीं हो ? साँस लेते रहो तो हो और न लो तो नहीं ?

होने और न होने के बीच कुछ और भी होता है क्या ? या सिर्फ़ शून्य ?

तो क्या शून्य कुछ भी नहीं ? तो फिर आकाश क्या है ?

क्या आकाश और शून्य एक ही नहीं हैं ? एक से क्यों लगते हैं फिर ?

मैं क्या हूँ ? शून्य ? या आकाश? या शून्य में बसा एक आकाश ? 

पर आकाश तो सबको दिखाई देता है  ... हमेशा ही !

तो क्या मैं भी हूँ ?

मैं फिर नज़र क्यों नहीं आता !