Friday, 24 June 2016


Dream to Dawn!

Reminiscences from my diary

May 29, 2015
Friday, 01:00 AM
Murugeshpalya, Bangalore


बीती रात का वह स्वप्न -
- न जाने किस लोक से -
- कौन दिशा से आकर -
अँधेरे कमरे में, नींद खोजती -
- आँखों में,
- समा गया  ...
और, कुछ ऐसा समाया कि -
मेरा खण्ड - खण्ड बिखरा अस्तित्व -
- एक ही क्षण में सिमटकर -
- दीप्तिमान हो गया !

ऐसा लगा, मानो -
सैकड़ों युगों से पल रही -
- तेरे न होने की कसक को -
- उस एक पहर में -
तृप्ति मिल गयी हो !
मानो -
हर आलय का शिव -
अपने कोपभवन से -
लौट आया हो,
और मुद्दत बाद -
उसके अधरों पर -
मुस्कान बिखरी हो !

पता नहीं,
महज़ इत्तेफ़ाक़ था -
- या कुछ और,
सुबह तेज़ बारिश हो रही थी -
और,
खिड़की की टूटी जाली से -
बूँद - बूँद दबे पाँव आता-
- सलिल -
- मुझे एक बार फिर उठा रहा था  ...











Saturday, 4 June 2016

O, You Beloved Siesta!


Reminiscences from my diary

Monday, Feb 1, 2016
EGL, Bangalore
9 AM

मुख - मंडल पर कोहरा घन कर -
चक्षु में तुम छा जाती।
खेकर  तरणी नील - सलिल में -
तट पर किसी आश्रय पा जाती।
इठलाकर और मुस्काकर तुम -
संज्ञा में हो समा जाती।
हे निद्रा ! निद्रा , तू यामिनी -
- चीर के मुझ तक आ जाती।

स्वप्न - लोक में हृदय नहीं रमता -
पर तुम ब्रह्माण्ड तरा जाती।
तुम अभिरामि , तुमको मैं निहारूँ -
ऐसा सम्मोहित कर जाती।
यूँ तो तुम भगिनी रश्मि की -
पर क्यों उस पर तुम झुंझलाती ?
हे निद्रा ! निद्रा , तू यामिनी -
- चीर के मुझ तक आ जाती।

कुहासों को , अवसादों को तुम -
झट से छू - मंतर कर जाती।
स्पर्श मात्र से मधुरस भरता -
ऐसा कुछ जादू कर जाती।
स्मृतियों पर कसकर अंकुश तुम -
क्षितिज पार मुझे ले जाती।
हे निद्रा ! निद्रा , तू यामिनी -
- चीर के मुझ तक आ जाती।




Ahmedabad


Reminiscences from my diary

Wednesday, March 30, 2016
Ahmedabad Airport
7:35 pm


नया शहर
सपाट सड़कें
तेज़ रफ़्तार
दुस्तर पंथा
मिलनसार लोग

बेहमाया कबूतर
गर्म हवा
सुनसान बगिया
उदास ईटें
तपती छत

अजनबी दोस्त
आधी रात
कोल्ड कॉफ़ी
अकेली सड़क
लम्बा सफर

भव्य इमारत
तंग कमरा
टूटा रोशनदान
बिखरा कांच
मटमैली चादर

अधजले  कश
दो मकड़जाल
पसरा सन्नाटा
बिसराता नाम
खंडित आकांक्षा !






Saturday, 28 May 2016

CRAVINGS



Reminiscences from my diary

July 8, 2010
Thursday, 5:00 pm
Munich Airport, Germany



मन करता है  ...

कभी छू लूँ -
- किसी ऐसे को ,
जो अविरल हो  ...
एक झूठा सच  ...
या फिर ,
यथार्थ, कल्पनाओं का  ... !
जैसे -
किसी गाँव की -
- धूल चाटती पगडण्डी पर पड़ती -
- मटमैली चांदनी  ...
या फिर ,
हरी दूब के किसी सूखे तिनके पर -
- झिलमिलाती,
ओस की कोई बूँद !

लगता है , कभी कभी ,
क्या ज़्यादा मांग रहा है मन ?
शायद हाँ ,
पर फिर  लगता है, नहीं !
ज़्यादा नहीं ,
बस गुम होना चाहता है -
चीड़ के पेड़ों के झुरमुट में -
- फैलें हुए हों , जो कोसों दूर तक  ... 
 या फिर ,
सागर की फेनिल उर्मियों में ,
जो छूती हों -
- किसी एकांत तट के कंकण !


सोचता हूँ, अक्सर -
क्या बस यहीं तक है -
- विचारों का क्षितिज ?
न, नहीं  ... !
पाना चाहता हूँ -
- कबूतर के गिरते किसी पंख पर -
- एक ऊंची उड़ान -
- किसी चमकते तारे तक  ... 
या फिर ,
किसी भयावह कानन में ,
अनगिनत जलते - बुझते जुगनुओं की ,
वही जगमगाहट !

मन कहता है ,
यहाँ बहुत शोर है  ... !
वही आवाज़ें , वही संगीत !
सुनना चाहता हूँ ,
दुर्गम पहाड़ों में -
- चट्टानों में , पत्थरों के बीच -
- किसी की खोई हुई गूँज  ... 
या फिर,
कभी कहीं तेज़ आंधी में -
- टीन की छत पर,
गिरता सलिल , बजता जलतरंग  !

मन करता है  ... 


Sunday, 24 April 2016

The Pain And The Poison


Reminiscences from my diary
Sep 17, 2013
Tuesday 4:30 pm
GS, Bangalore


गीले जंगलों से -
 भीगे झुरमुटों से -
छन - छन कर आती रही ,
वही पुरानी टीस -
और,
मन में, मानस में, काया में,
रूह में भी -
दंश - सी चुभती रही !

आज उस बंजर राह पर -
मुद्दत बाद , अचानक ही -
जब कोई आहट हुई -
तो -
मचल - सी गयी टीस, और -
खोजने लगी -
- उस बटोही को,
हो जिसके पास -
मुक्ति का कोई उपाय !

आज जब फिर से टीस तड़पी -
तो एक बार, फिर -
- मथने लगी ,
निराशा के ताने बाने में -
- उम्मीद के कच्चे धागे !
भभक - सी गयी -
- उंस की , आशा की -
एक लौ !
फिर चुनने का मन किया -
उसी बंजर राह में बिखरे -
- उन सुन्दर पलों को !

अरसे बाद -
हूक भरी टीस ने  ...
सवेरा नया लगा, और खुशबू -
जानी पहचानी !
एक नए दर्द की लालसा -
हल्का -हल्का डर -
और,
न जाने कितने सवाल -
मूक , निरुत्तर !
सोचते - सोचते -
तड़पते - मचलते - मुस्कुराते -
दंश पी गयी अपना -
टीस -
नीलकंठ हो गयी आज !










Sunday, 17 April 2016

Why do I write?


Reminiscences from my diary

January 6, 2016
Wednesday, 4 pm
IGI Airport, Delhi

Waiting for flight to Bangalore

जब भी कोलाहल के बीचों - बीच एकाकी - सा सिकुड़ा मैं शून्य में कुछ खोजता रहता हूँ , शून्य को निहारता रहता हूँ और फिर शून्य से ही आँख - मिचौनी खेलता रहता हूँ ; जब कभी दसों दिशाओं में असंख्य अपरिचित चेहरों को देखता हूँ ; जब कभी समय एक अजीबोगरीब - सी मृगतृष्णा - सा मुझे अपने पीछे भगाकर सलिलहीन मरू के मध्य छोड़ कहीं लुप्त हो जाता है , तब  ... तब यूँ ही एक ख्याल , ख्याल नहीं , एक प्रश्न - और वह भी नूतन नहीं, पुरातन  - मेरे मस्तिष्क पर कौंध जाता है , जिसका उत्तर समय स्वयं तो नहीं देता पर निमित्त बन करोड़ों विचार  दे जाता है , मानो प्रश्न का रहस्य एक उत्तर न होकर एक ब्रह्माण्ड हो - आद्यांत ब्रह्माण्ड - और हर तारक - एक परत , रहस्य की एक परत !

सवाल यूँ तो कुछ ज़्यादा कठिन नहीं, महज़ इतना ही है कि हम लिखते क्यों हैं !वैसे मानता हूँ  की व्यष्टि से समष्टि बनती है पर मेधा पर विश्वास करूँ तो नहीं मानता कि यहाँ बात समष्टि पर कुछ प्रतिपादित करने की है।  अतः प्रश्न यदि इतना भी हो कि मैं लिखता क्यों हूँ , तो भी काफी है, और यदि इस आसान से सवाल का आसान सा जवाब पा जाऊं , तो फिर कहने ही क्या !

कहीं सुना था या फिर हो सकता है कि कहीं पढ़ा हो - ऐसे ही किसी प्रश्न के दार्शनिक विवेचन की खोज में 'अज्ञेय' जी ने कभी कहीं कुछ लिखा था।  अवसर मिल पाता पढ़ने का तो हो सकता है कि यह पल , यह क्षण शब्दों में न ढल पाता।  अतः नहीं जानता कि इस  प्रश्न पर उनके विश्लेषण को न पढ़ पाना अच्छा हुआ या नहीं !

मन की सुनूँ और सुनकर गौर करूँ तो पाता हूँ कि जहाँ  तक मेरी बात है , मैं तब लिख पाता हूँ जब हृदय की आर्द्रता अपने गागर को पार कर जाती है।  कई लोग, कई आम लोग ऐसे भी हैं जो प्रसन्नता और सौहार्द के क्षणों को शब्दों के माध्यम से कैद करना चाहते हैं और काफी हद तक सफल भी रहते हैं।  सही भी है क्योंकि यदि ऐसा न हुआ होता तो साहित्य का सारा श्रेय दीन - दुखियों को जाता और यह संसार आंसुओं के सागर में कब का डूब चुका होता ! ऐसे में सांसारिक संतुलन का श्रेय प्रसन्नात्माओं को दिया जाता है और दिया जाना चाहिए भी !

खैर  ... बात समष्टि की नहीं है।  मैंने गौर किया है कि जब स्मृतियों के प्राचीन प्रेत मेरे वर्तमान को परेशान करने लगते हैं , जब समय का चक्र बीते कल के लोगों के समय के चक्रों से पीछे रह जाता है , जब मन का गवाक्ष मात्र एक ही दिशा में खुला रह जाता है , जब खण्ड - खण्ड बिखरा अस्तित्व पुनः जीवन पाने की लालसा रखने लगता है , जब जिजीविषा जिजीविषा न होकर एक मरीचिका रह जाती है , जब हृदय दम निकलने की कगार पर आ पहुँचता है , जब सृष्टि के पञ्च - तत्त्व साज़िश रचकर भूतकाल को जीवंत कर मेरे आज को भस्मीभूत कर जाते हैं , तब  ... तब, सघन निशा के गहराते उस जाल में अक्खर - अक्खर मिलकर मेरी भोर रच जाते हैं , मानो दम तोड़ती काया को संजीवनी मिल गयी हो ! कलम मानो किसी परी की छड़ी बनकर आती है और भूत को भूत रहने में सहायता करती है।  और, ये पन्ने  ... मानो कब से मेरी ही राह तक रहे थे कि कब मेरा मानस भीगे और कब मैं उन्हें रंगूँ !

और सच, जब इन्हें रंगता हूँ तो मानो मेरी रूह में एक  नूतन संज्ञा का संचार होता है ! अधरों पर हल्की - सी मुस्कान और हृदय में स्मृतियों के झंझानल पर एक मीठा अंकुश - बस तब लगता है कि शायद लिखने से अच्छा और कोई विकल्प नहीं और डायरी से अच्छी और कोई सहचारिणी नहीं !







Thursday, 4 February 2016

YOU, THE SHAMS, IN ME!


Reminiscences from my diary
Nov 23, 2015  ( Happy Udaan Day, Happy birthday Siddharth )
Murugeshpalya, Bangalore


आज बैठे बैठे ,
यूँ ही -
अपनी बारीकियों पर -
- गौर किया ,
तो उनमें -
- तुझे घुला हुआ पाया  ...
... मानो ,
मैं  एक कतरा बूँद -
-और ,
मुझमें समाया तू -
- समंदर - सा !
मेरी हर एक हरकत -
मेरी हर एक बरकत -
मानो -
- तुझसे आती हो -
-और ,
तुझमें ही लौट जाती हो  ...
... जैसे,
तू तू नहीं -
मैं हो -
मुझे जीता - सा -
मुझमें जीता - सा !
मेरे युग , जैसे -
- तुझमें सिमटे हों ...
... और ,
हर  श्वास के साथ -
ऐसा लगा जैसे -
- तुझे अपनी रूह में घोला हो  ...
... और ,
खुद को , शून्य में -
- पिघलाया हो !
जानता हूँ ,
मेरे जिस्म,
और मेरी आत्मा के  -
- हर अणु को -
- तेरा सलिल सींचता है !
तुझमें , तेरी हवा में रमता है !
काश !
तू भी, कभी -
यूँ ही -
मेरी बारीकियों में -
- अपना अक्स देख पाता !