Sunday, 23 June 2024

Cherrapunji - 1

Reminiscences from my diary

June 24, 2024
Monday 1145 IST
Cherrapunji, Meghalaya

कल गुवाहाटी से शिलॉन्ग, और फिर शिलॉन्ग से चेरापूँजी के सफ़र में बीते कई सफ़र साथ-साथ चले  ... 

ढेर सारा भूटान  
बहुत सारा रानीखेत
थोड़ा-थोड़ा स्कॉटलैंड
कुछ-कुछ मसूरी
यहाँ-वहाँ बैजनाथ
मुट्ठी-भर ऊटी
चुटकी भर वरकला 

रास्ते भर कभी खिड़की का शीशा चढ़ाता, कभी उतारता। मुझे दिखते रहे  ... 

एक कान में क्रॉस लटकाए लड़के 
आलूबुखारा बेचती लड़कियाँ 
अपने पिताओं के साथ मछली-काँटा लिए जाते बच्चे 
घरों से ताकते कई-कई रंगों के जर्मेनियम 
दीवारों से उगते सफ़ेद-गुलाबी जंगली फूल 
कहीं से भी प्रकट होते छोटे-छोटे तेज़ झरने 
रंग-बिरंगी छतरियाँ 

गाड़ी के अंदर भी पानी टिप-टिप बरस रहा था, गाडी के बाहर भी। इन पाँच घंटों में मैं सोचता रहा  ... 

कब सुने थे आखिरी बार मोहरा और फूल-और-कांटे के गाने 
क्या ये पहाड़ियों के बीच में बादल हैं, या बादलों के बीच में पहाड़ियाँ 
क्या यहाँ से दी गयी पुकारें लौटती हैं कभी, या पहुँच जाती हैं सीधे देवताओं तक 
क्या यहाँ के लोग जानते भी हैं चाँद-तारों के बारे में 
क्या यायावरों के भी घर होते हैं 
क्यों है मुझे बारिश से बेहिसाब मोह, बरसात का भी नशा होता है भला 
ऐसा क्या है जो इतनी समानताओं के बाद भी इस यात्रा को कर रहा अलग, ख़ास, बहुत अलग, बहुत ख़ास 

इस एक पल जब सुबह के ११.३० बज रहे हैं और मूसलाधार बरसात मुझे और मेरी डायरी को हर ओर से भिगो रही है तो समझ आ रहा है क्यों अलग है यह ट्रिप बाकी यात्राओं से। खैर  ... 

मेरे कॉटेज का नाम है 'रिमपौंग' ! कमरे को पार कर एक दरवाज़ा है जो खुलता है पीछे की बालकनी पर - मेरी बालकनी ! वहीँ बैठा कुछ-कुछ भीग रहा हूँ, कुछ-कुछ लिख रहा हूँ। पूरा जंगला, सारे खम्बे, दीवारें, घाटी की ओर ले जाती सीढ़ियाँ - सब अलग-अलग जंगली फूलों, काई, बेलों से ढके हैं।  सब कुछ तर है - हर पत्ता, हर फूल, हर पंखुड़ी, हर पेड़, हर टहनी, हर कोना, हर पत्थर, हर चट्टान। ..! नीचे छोटी सी नदी है - असल में नदी नहीं, "स्ट्रीम" - अपने पूरे वेग में बहती।  इसकी आवाज़ रात भर मेरी गहरी नींद से दिन-भर के सफ़र की थकान चुनती रही। दूर - दूर तक फैली हैं शांत, मौन, सुन्दर, भीगी, हरी-हरी खासी की पहाड़ियाँ !

इन पहाड़ियों ने अभी दस मिनट पहले मेरे लिए ढेर सारे बादल भेजे हैं - आधे रास्ते आ चुके हैं। बादल इतने नीचे हैं और इतने पास भी, कि उन्हें छू लूँ , चख लूँ, भर लूँ अपने बस्ते में  ... 

टीन की छत पर बूँदें टप-टप गिर रही हैं 
सामने वहीँ 'स्ट्रीम' कल-कल बह रही है 
झींगुर अपनी झंकार में व्यस्त हैं 
मन और मौन अपना ही संगीत बुन रहे हैं 
दूसरी कुर्सी पर रखी निर्मल की 'एक चिथड़ा सुख' हवा के साथ फड़फड़ा रही है 
दूर कहीं कोई फरीदा ख़ानुम की आवाज़ में सुन रहा है 'मेरे हमनफ़स मेरे हमनवां ..'

 

मैं इतना खुश हूँ कि मर ही न जाऊँ  ... 




















Saturday, 1 June 2024

Nine (dis)connected sentences - part 2 of infinity

Reminiscences from my diary

June 01, 2024
Saturday 2000 IST
Murugeshpalya, Bangalore


हम 
ओस से भीगे, कोहरे से सने लॉन की 
हरी बैंच पर बैठ 
शॉल में लिपटे 
बिना वजह ठिठुरा करते 

हम 
निदाघ की दोपहरी 
अक्षरधाम के झरोखों से आती 
ठंडी फुहारों वाली हवा 
भरते थे अपनी जेबों में 

हम 
हो जाया करते थे मायूस 
जब कभी रख देते 
शाख से टूटे फूलों पर 
गलती से पाँव  

हम 
पीठ पीछे बस्ता लटकाये 
अक्सर पहुँच जाया करते थे 
अपने पसंदीदा प्रोफ़ेसरों से 
बतियाने, 'दुःख' बाँटने 

हम 
कभी-कभी पाँव-पाँव चलते हुए 
सुना करते थे रेडियो पर 
अस्सी-नब्बे के दशक के 
सदाबहार गाने 

हम 
बौराए थे रात के तीसरे पहर 
दिल्ली की जलती-बुझती
रंगीन रोशनियों को देख 
आसमान के किसी कोने से 

हम 
चखते एक दूसरे की 
अनामिका से 
साईं की विभूति, और बाट जोहते 
चमत्कारों की 

हम 
आस-पास न रहने पर 
बाँधते अपने-अपने 
खिड़की दरवाज़ों पर 
एक-दूसरे का इंतज़ार

हम 
शिद्दती दोस्ती और इश्क़ का 
फ़र्क़ 
कभी जान नहीं पाए 
कभी मान नहीं पाए 

Friday, 24 May 2024

Ten (dis)connected sentences - part 1 of infinity

Reminiscences from my diary

May 24, 2024
Friday 2100 IST
Murugeshpalya, Bangalore


हम
मसरूफ़ियत में भी 
एक-दूसरे की आवाज़ों में 
रखा करते थे 
अपनी-अपनी भोर

हम 
एकटक ताका करते थे कई कई रात
चाँद को
और उसके आस-पास गुज़रते 
हवाई-जहाज़ों को 

हम 
अपनी उँगलियों से 
दिल्ली मेट्रो की खिड़की पर पड़ती 
बूंदों के
ढूँढा करते थे घर

 हम 
अक्सर एक ही थाली से 
मिल-बाँटकर 
खा लिया करते थे  
कभी दोपहरी कभी रात 

हम 
मन पर डेढ़ मन पत्थर रख 
सुना करते थे 
एक दूसरे की 
पसंद न आने वाली ग़ज़लें-गाने 

हम 
हर साँझ ढले 
आमने-सामने बैठ 
पढ़ा करते थे इत्मीनान से 
गीता के अध्याय 

हम 
रखते थे आँसू 
एक दूसरे के कन्धों पर 
और फिर पोंछ दिया करते थे 
अपनी आस्तीनों से 

हम
बातों के गुच्छे लिए नापा करते थे 
निडर
अधबसे शहर की सड़कें
गलियाँ और पगडंडियाँ  

हम 
अर्पित किया करते थे 
साथ-साथ 
मृत्युंजय को 
बेल-पत्र 

हम 
शिद्दती दोस्ती और इश्क़ का 
फ़र्क़  
कभी जान नहीं पाए 
कभी मान नहीं पाए 

Wednesday, 15 May 2024

Yet Another Moon-Sonata


Reminiscences from my diary

May 13, 2024
Monday 2315 IST
Murugeshpalya, Bangalore


कल रात 
मैं जागृति से निकला ही था जब -
मैत्रैयी ने पूछा अचानक -
"आज का चाँद देखा?"
मैंने खुद से कहा -
"मैंने तो कब से चाँद नहीं देखा"

एक ज़ुस्तज़ू सी उठी  
एक बेचैनी 
और मैं -

बस - स्टैंड के पास 
फुटपाथ पर खड़ा 
उचक - उचक 
ढूँढने लगा 
ऊँची बालकनियों के पीछे 
तितर - बितर आसमान में 
एक टुकड़ा चाँद 

बौराया जान 
पलट - पलट देखने लगे थे लोग 
बीड़ी फूँकता आदमी 
सवारी खोजता ऑटो
बस का इंतज़ार करती लड़की 
जूस पीते बच्चे 

और फिर अचानक से दिख ही गया 
खूबसूरत 
बेहद खूबसूरत 
अचूक सफ़ेद 
अर्धगोलाकार 
मानो प्रकार से खींचा गया 
आधे से थोड़ा कम 
चाँद 

मुझे यूँ लगा कि 
साँस को
साँस मिली हो 
जैसे मिला हो बेतरतीब अरमानों को 
एक ठौर, एक सराय 

बहुत देर तक मुस्कुराता रहा 
वहीँ खड़ा - खड़ा 
सींचता रहा 
कतरा - कतरा सुकून 

सुनो -

तुम भी
देख पाओ तो 
ज़रूर देखना -
गुज़रा कल 
और 
गुज़रे कल का 
आधा चाँद ! 


Monday, 6 May 2024

The salvation in your palms

Reminiscences from my diary

May 06, 2024
Monday 2045 IST
Murugeshpalya, Bangalore


सपना ही रहा होगा शायद 

जहाँ तक नज़र दौड़ाऊँ 
बर्फ़ ही बर्फ़
पानी में तैरती  
आसमान से गिरती 
ज़मीन पर ठहरती 
बर्फ़ 
इतनी बर्फ़ कि 
पाँव धँस - धँस जाएँ 
कुछ नज़र न आए 
चारों मौसम मानो 
शीत
कई कई शीतों की 
मन-मन बर्फ़ 
आँख लाल 
कान लाल 
नाक लाल 
साँस लाल 
होंठ सफ़ेद 

मैं बर्फ़ -
हो ही रहा था कि 
अचानक 
तुमने अपनी 
हथेलियों की ओक 
मेरी 
हथेलियों के नीचे 
रख दी 

सपना ही रहा हो
ऐसा ज़रूरी नहीं 

तुम्हारी आँच 
मेरी धमनियों का 
कैवल्य है 



Wednesday, 1 May 2024

Finally I can cry again


Reminiscences from my diary

May 01,2024
Wednesday 1930 IST
Murugeshpalya, Bangalore


अमृता हाथ में 
चेरापूंजी आँख में 
हूक साँस में 

कि अचानक 

आज की साँझ 
मेरी दहलीज़ पार कर 
मेरी 
नज़र उतार गई 

अब हो यूँ रहा कि 

सावन बीनूँ 
या 
बुल्ले शाह सुनूँ 

माँ का बनाया नमक चखूँ 
या 
ताकूँ सूखे गुलाब

मेरे 
आँसू
उमड़
उमड़
जाएँ 



Friday, 19 April 2024

The home for the lost

Reminiscences from my diary

Apr 20, 2024
Saturday 0045 
Murugeshpalya, Bangalore


सब कुछ बीत जाने के बाद के 

खालीपन में 

रहती हैं 

एक रंग की तितलियाँ 
घर ढूँढती चीटियाँ 
मुट्ठी भर सूखे कनेर 
एक टूटा तारा 
पतझड़ की आस 
रतजगे 
ढेर सारा पानी 
 
और 

बंजर नज़्में