Thursday 12 August 2021

Consciousness? 

Reminiscences from my diary
Thursday, 11.30 pm
Saharanpur

मेरी चेतना 
समाधि है
एक औघड़ 
सूफ़ी की

जिसकी
अधमुंदी आँखों में
बिखरा है एक
खुला आकाश

जिसने
कतरा कतरा होकर
भरी है
एक सुरंग

सुनो! 
उस सुरंग के ओर छोर
किसी शम्स की
आँखों में खुलते हैं! 

Sunday 1 August 2021

Ashes to words

Reminiscences from my diary

Aug 01, 2021
Sunday, 0900 pm
Murugeshpalya, Bangalore


पता नहीं कब कहाँ 
कौन सा तारा टूटा कि 
एक ख्वाहिश मन में पिर गई !
पिरती ही चली गई !

यूँ तो मैंने अमरपक्षी होना कभी नहीं चाहा पर 
यह ज़रूर चाहने लगा हूँ कि 
अग्निदाह के बाद एक चमत्कार हो
और मेरी राख़ से उपजें 
शब्द!
शब्द जो बनते बनते बन जाएँ 
एक किताब!
कविता! कहानी! कहकहा! कुछ भी!
बस एक किताब!

ऐसा होने से एक उम्मीद तो रहेगी कि 
अगली बार ही सही 
क्या पता 
कभी कहीं 
किसी अमलतास के नीचे 
किसी सफ़र में
किसी खिड़की पर गर्दन टिकाये 
किसी आँसू की सीलन में 
पढ़ा जाऊँ
गढ़ा जाऊँ!