Tuesday, 5 December 2023

Kashmir Diaries, Day 01

Dec 02, 2023, Saturday
2050 IST
Dal Lake, Srinagar

हाउसबोट की बाल्कनी में बैठा हूँ। एक सुन्दर नीरवता चारों ओर। बीच - बीच में कोई शिकारा पास से गुज़रता है तो लहरें चहचहा उठती हैं। जहाँ बैठा हूँ, वहाँ से साफ़ - साफ़ पहाड़ की चोटी पर शंकराचार्य मंदिर दिख रहा है। शाहिद बता रहा था, वहाँ से पूरा श्रीनगर, और काफ़ी सारा पीर-पंजाल भी दिखता है। कल या परसो जाऊँगा। 

अभी भी याद कर रहा हूँ दो घंटे पहले के उस मंज़र को। दिल्ली से जहाज ने कब उड़ान भरी, हमेशा की ही तरह मुझे पता नहीं चला, और जब आँख खुली तो खिड़की के बाहर सफ़ेद चोटियों से घिरा एक तालाब था। मज़े की बात तब हुई जब जगे हुए लोग भी कयास लगाने लगे कि ये बादल हैं या कोई तालाब !

कम्कम्पाती सर्दी  ... दूर दूर तक पानी में मचलता सन्नाटा  ... दिसंबर का महीना  ... !

आँखें मूँदूँ तो पानी  ... आँखें खोलूँ तो पानी  ... !!

Friday, 17 November 2023

सप्तर्षि 

Reminiscences from my diary
Nov 17, 2023, Friday
2030 IST
Murugeshpalya, Bangalore


क्या
किसी के दुःखों को 
मन से 
मन में आश्रय देना 
संसार की सबसे सुन्दर
अभिव्यक्ति 
कही जा सकती है ?

क्या 
स्मरण - शक्ति के 
समाप्त होने पर 
स्मृतियाँ विलुप्त होने पर 
एक लेखक 
लेखक
रह जाएगा?

क्या 
रात्रि के
किसी गहन पहर 
अनायास नयनों का
असीम झरना 
रोप सकता है 
एक नया धुला प्रभात ?

क्या 
किसी का जाते हुए 
पीछे छुटी 
हथेलियों की ओक
गुलाब से भर देना 
विरह की पीड़ा 
कम कर सकता है ?

क्या 
मौन साधने से
तथागत,
मैत्रेय 
और सुजाता -
तीनों 
सध जाते हैं ?

क्या
मूक प्रार्थनाओं के 
अवशेष 
और उनकी ऊष्मा 
एक कविता का 
सृजन 
कर सकते हैं ?

क्या 
मृत्तकों के समान 
अनुत्तरित प्रश्न भी 
गंगा से होते हुए 
ब्रह्माण्ड के
तारे बन
टिमटिमाते हैं ?



Wednesday, 15 November 2023

The Evening Harsingars

Reminiscences from my diary

Nov 15, 2023
Wednesday, 2235 IST
Murugeshpalya, Bangalore

एक बार
यूँ ही पारिजात - सा 
माना था तुम्हें 

जब माना था
जाना नहीं था
महज़ मानना भी हो सकता है 
हो जाना 
हो ही जाना 

अब न फूल 
अब न तुम 

है तो बस 
उतरा हुआ 
सिन्दूरी
मेरे नाखूनों पर 
ठहरा हुआ 
गहरा हुआ 

पारिजात - सा होना 
रोग है 

पारिजात होना 
जोग !




 

Monday, 6 November 2023

Rains, incessant the

Reminiscences from my diary

Nov 06, 2023
Monday, 2230 IST
Murugeshpalya, Bangalore

शिउली की
गंध में मगन मूसलाधार
पानी कुछ यूँ 
बरस रहा है कि 
डबडबाई नींद का हर 
टुकड़ा 
तालाब हुआ जाए 
तालाब की
काई में कई कई 
रतजगे
हर रात का एक
चाँद 
हर चाँद की एक
आह और हर 
आह से फट जाए 
बादल का एक 
टुकड़ा 

बरसात 
मूसलाधार बरसात 



Friday, 3 November 2023

अक्षरधाम 

Reminiscences from my diary

Nov 03, 2023
Friday, 2245 IST
Murugeshpalya, Bangalore


जेठ की तपन
उतरती तेज़ धूप 
ठंडे चितकबरे फ़र्श
ठंडी लाल दीवारें 

पग के पीछे पग 
साये में उलझता साया 

लम्बे तंग गलियारे 
सहमी सुन्दर नक्काशियाँ 
झरोखों की लड़ी 
रोशनी और आँख-मिचौनी 

बहते पसीनों पर 
फव्वारों की फुहारें 

**

उस ढलते पहर में 
ब्रह्मा - विष्णु - शिव की
संरचनाओं के बीच 
घुल गयी थी कुछ कुछ
तुम्हारी गमक
कुछ कुछ तुम्हारा नाम 
और
एक चाँद

अब मेरी शामें उस एक -
 - साँझ की चुकती किस्तें हैं !

Saturday, 23 September 2023

Once upon an evening; once upon a night

Reminiscences from my diary
Sunday, Sep 24, 2023
0200 IST
Murugeshpalya, Bangalore


मैंने एक शाम अरब सागर में
बहुत दूर जाती नौका को
बहुत देर तक ताका था 

मैंने एक ठिठुरती रात
सीले बुझते कोयलों की खुशबू को 
पहरों पहर पिया था 

मैंने एक शाम बितायी थी 
कई किताबघरों में पर फिर भी 
नहीं बन पाया था कोई कहानी 

मैंने एक रात पढ़ी थीं कई कविताएँ 
उलझा रहा था नींद और सपनों तक 
विस्थापना की आव-तानी में 

मैंने एक शाम चलना शुरू किया था 
चुप्पियों से बने पुल पर 
फिर पुल बन गया था खाई 

मैंने एक रात अमृता की नज़्मों में 
टाँक दिए थे यहाँ वहाँ जहाँ तहाँ 
पारिजात ही पारिजात 

मैंने एक शाम दीया-बाती पर रोपा था 
एक बीज प्रार्थना का
दिसंबर हो जाए अंतर्धान 

मैंने एक रात सलिल से सींची थी 
लौटने की संभावनाओं को 
इति करनी की समीधा 



The Game of Just Like That

Reminiscences from my diary

Sunday, Sep 24, 2023
0100 IST 
Murugeshpalya, Bangalore

हो यूँ कभी कि 
मेरी हथेलियों की धमनियों में 
लाल हो जाए नील 
नाखूनों में ठहरें 
कई कई चाँद 
लकीरों में टूटें 
तारे यहाँ वहाँ  .. 

.. तुम रोपों
 मन्नतें 
फिर ढूँढो अक्स पानी का
आसमान में 
लुढ़क जाए सूरज 
तुम छिपा लो उसको 
कोटर में आम की  .. 

.. और चिकुटी काटो मुझे 
माँगो मुझसे 
गोधूलि में ओस 
एक टूटी नाव 
और ढेर सारा काश
मैं भर दूँ तुम्हारा बस्ता 
बिन पते की चिट्ठियों से  .. 

.. हो यूँ कभी कि 
खेल खेल में रखें हम 
हथेली पर हथेली 
ओक पर ओक
और रह जाए एक 
बस एक 
ब्रह्माण्ड  .. 

..